वह कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू को बचपन से जानता है। दोनों हरियाणा के महेन्द्गगढ़ में आसपास के गांव में रहते थे। बचपन में वह कपिल सांगवान के साथ कबड्डी भी खेला करता था। लेकिन दसवीं तक पढ़ाई करने के बाद उसका दिल पढ़ाई में नहीं लगा।
इसके बाद वह कपिल सांगवान गैंग का शूटर बन गया। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की वेस्टर्न रेंज-II की टीम ने उसे गिरफ्तार किया है।
कौन है कपिल सांगवान गैंग का यह शूटर
क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदौरा के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का नाम सुमित पुनिया है। वह स्पेशल सेल के एनकाउंटर केस में भी फरार चल रहा था। पुलिस को उसके पास से मैगजीन के साथ दो अत्याधुनिक सेमी ऑटोमेटिक स्टार पिस्तौल और 5 कारतूस भी मिले हैं।
उसके साथ गैंग का हथियार सप्लायर बदर शैफी को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से भी अत्याधुनिक देशी पिस्तौल बरामद किया गया है।
कैसे पकड़ा गया
डीसीपी हर्ष इंदौरा के मुताबिक क्राइम ब्रांच को शूटरों, हथियार सप्लायरों और विभिन्न गैंग के सदस्यों को गिरफ्त में लेने का काम दिया गया था। निगरानी के दौरान हेडकांस्टेबल पवन कुमार को सूचना मिली इसकी पुष्टि एसआई रवि भूषण की टेक्नीकल विश्लेषण में भी हो गई।
पुलिस टीम को पता लगा कि नंदू गैंग का शार्प शूटर सुमित पुनिया दिल्ली के द्वारका इलाके में मौजूद था। उसे दबोचने के लिए एसीपी राजपाल डबास की निगरानी और इंस्पेक्टर गौतम मलिक के नेतृत्व में एसआई रवि भूषण, कुलदीप, हेडकांस्टेबल सोनू, पवन कुमार और कांस्टेबल मुकेश की टीम बनाई गई।
यह भी पढ़ेंः फाइव स्टार होटल वाला शेफ, चीनी लॉक की मास्टर चाबी और सत्य अपराध कथा
पुलिस टीम को द्वारका से सुमित पुनिया को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिल गई। उसकी निशानदेही पर बदर इस्लाम को बुलंदशहर से दबोच लिया गया।
कौन हैं सुमित और बदर
आरोपी सुमित पुनिया ने पुलिस को बताया है कि उसने दसवीं तक पढ़ाई की है। पढ़ाई में दिलचस्पी ना होने की वजह से उसने आगे की पढ़ाई छोड़ दी। 2020-21 में वह कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग में शामिल हो गया। नवंबर 2025 में उसे महेन्द्रगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था।
वह पहले भी दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में दर्ज तीन अन्य आपराधिक मामलो में शामिल रहा है। वह बचपन से ही कपिल सांगवान उर्फ नंदू को जानता था।
पकड़ा गया हथियार तस्कर बदर इस्लाम भी 10 वीं तक पढ़ा है। उसके दो भाई और तीम बहने हैं। जल्दी पैसा कमाने की लालच में वह गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त हो गया। वह पहले भी यूपी के अलग अलग थानों में दर्ज चार अन्य मामलों में शामिल रहा है।








