अपराध की दुनिया में कालिया नाम से जाना जाने वाला कालिया और उसके साथी को पश्चिमी दिल्ली स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। उसका असली नाम संदीप है। कालिया के खिलाफ मकोका सहित 202 मामले दर्ज हैं जबकि उसके साथी का नाम भी संदीप है और उसके खिलाफ 107 मामले दर्ज हैं। यह दोनों खासकर चेन झपटमारी के लिए कुख्यात हैं। इनको दबोचने के लिए 250 सीसीटीवी खंगाले गए।
अपराध की दुनिया का कालिया को इस तरह दबोचा
पश्चिमी दिल्ली डीसीपी विचित्र वीर के मुताबिक लूटपाट की घटनाओं के मद्देनजर एसीपी अरविंद कुमार की देखरेख और इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में एसआई ठाकुर सिंह, अनिल कुमार, एएसआई ऋषि, हवलदार घुम्मन, फैलराम, नरेन्द्र, उमेश, दीपक, विक्रांत शमशेर, कांस्टेबल मलीष और परमवीर की टीम को विशेष निर्देश दिए गए थे।
पुलिस टीम ने 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के बाद बाइक पर सवार होकर चेन लूटने वाले बदमाशों के रूट की शिनाख्त की। एएसआई ऋषि और कांस्टेबल मनीष को इन बदमाशों के रामा विहार में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर संदीप उर्फ कालिया को दबोच लिया गया। उसके साथी संदीप को मोहन गार्डन से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से लूटपाट के लिए इस्तेमाल की जाने वाली स्कूटी भी बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक कालिया की उम्र 40 साल है। वह पहली बार साल 2004 में गिरफ्तार हुआ था। उसके बाद उसके खिलाफ 202 मामले हैं। 2007 में उसे साथियों सहित मकोका के तहत गिरफ्तार किया गया। मगर 2012 में 5 साल जेल में रहने के बाद वह बाहर आकर फिर झपटमारी में लिप्त हो गया। उसके खिलाफ नशे की तस्करी, आर्म्स आदि के मामले भी दर्ज हैं।
उसके साथी संदीप को 2020 में मर्डर के मामले में गिरफ्तार किया गया। इसी साल मई में वह भाई की मौत के आधार पर पैरोल लेकर बाहर आया था। मगर उसके बाद से फरार था। उसकी मां के खिलाफ नशे की तस्करी का आरोप है। संदीप के खिलाफ भी झपटमारी आदि के 107 मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें
- जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर भाग रहा था यात्री, CISF जवान अभिषेक वर्मा ने रोका, DG ने किया सम्मानित
- सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक हो जाए तो क्या करें ? हाई कोर्ट के इस फैसले से समझिए अपने अधिकार
- वर्दी में चैंपियन: एशियाई खेलों से पुलिस मैदान तक सीआईएसएफ के खिलाड़ियों की पदक गाथा, मिला डीजी का सम्मान
- पैरोल जंपर का खेल: 60 करोड़ की हेरोइन, लखनऊ में फैक्ट्री और नक्सली कनेक्शन, दिल्ली पुलिस के खुलासे ने उड़ाए होश
- साइबर ठगी के बाद शिकायत करने में देरी क्यों पड़ सकती है भारी? भोपाल के आंकड़ों से समझिए पूरी प्रक्रिया।




