विकसित बिहार का निश्चय लेकर लेट्स इंस्पायर बिहार’ (LIB) अभियान एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। आगामी 22 फरवरी 2026 को दिल्ली के प्रसिद्ध तालकटोरा स्टेडियम में ‘बिहार डेवलपमेंट समिट 2026‘ का आयोजन होगा। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का लक्ष्य शिक्षा, समता और उद्यमिता के जरिए बिहार से पलायन रोकना और राज्य में ही रोजगार के अवसर पैदा करना है।
विकसित बिहार का निश्चय लिए कई दिग्गज करेंगे मंथन
इस शिखर सम्मेलन का उद्घाटन भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल शामिल होंगे। इसके अलावा, सांसद मनोज तिवारी, विधायक मिथिलेश तिवारी, और विधान परिषद सदस्य सचिदानंद राय सहित कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियाँ इस विमर्श का हिस्सा बनेंगी। आयोजन में बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को भी आमंत्रित किया गया है।
वीडियो देखेंः
यह भी पढ़ेंः let’s inspire bihar के बैनर तले स्टार्टअप समिट, जानिए कितने लोगों ने लिया हिस्सा
IPS विकास वैभव का ‘विजन 2047’
अभियान के मुख्य संरक्षक और आईजी विकास वैभव इस दौरान ‘विकसित भारत @ 2047’ के अंतर्गत बिहार की भूमिका पर विस्तृत रोडमैप पेश करेंगे। उनका स्पष्ट विजन है कि शिक्षा, स्वास्थ्य या रोजगार के लिए किसी भी बिहारी को अपना राज्य न छोड़ना पड़े। 3,50,000 से अधिक स्वयंसेवकों के साथ यह अभियान अब एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुका है।
स्टार्टअप और गार्गी पाठशाला: जमीन पर बदलाव
अभियान ने 2028 तक प्रत्येक जिले में कम से कम 5 स्टार्टअप स्थापित करने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से प्रत्येक 100 से अधिक लोगों को रोजगार देगा। वर्तमान में 600 स्टार्टअप इस मुहिम से जुड़े हैं। इसके साथ ही, ‘गार्गी प्रकोष्ठ’ के माध्यम से 16 जिलों में 30 निःशुल्क शिक्षा केंद्र (गार्गी पाठशाला) संचालित हैं, जहाँ 2000 से अधिक बच्चे शिक्षा पा रहे हैं।
वैश्विक स्तर पर जुड़ रहा है बिहार
समिट में केवल भारत ही नहीं, बल्कि लंदन और वियतनाम जैसे देशों से भी प्रतिनिधि जुड़ रहे हैं। LIB के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं—रोहित कुमार, विनायक जी और सरोज कुमार—ने साझा किया कि यह समिट जागरूकता से आगे बढ़कर संस्थागत निर्माण की ओर एक निर्णायक कदम है। दिल्ली-NCR के समन्वयक इंद्रमोहन यादव और सोशल मीडिया समन्वयक आशीष रंजन के अनुसार, डिजिटल माध्यमों ने इस अभियान को वैश्विक पहचान दिलाई है।
तीन मुख्य विषयों पर होगी चर्चा शिखर सम्मेलन के बौद्धिक सत्रों में तीन प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा:
- बिहार में शिक्षा की भूमिका और उद्यमिता की संभावनाएँ।
- समतामूलक समाज के विकास की चुनौतियाँ।
- नेतृत्वकर्ता के रूप में महिलाओं की भूमिका।
इस आयोजन के माध्यम से एरिस्टो फार्मा, पीएनबी और केनरा बैंक जैसे बड़े संस्थानों का सहयोग बिहार के प्रति बढ़ते औद्योगिक विश्वास को भी प्रदर्शित करता है।










