हमारा स्मार्टफोन अब बैंक खाते से लेकर निजी तस्वीरों, ईमेल, सोशल मीडिया और जरूरी दस्तावेजों तक की जानकारी अपने पास रखता है। ऐसे में अगर किसी दूसरे व्यक्ति का इस फोन पर नियंत्रण हो जाए, तो नुकसान सिर्फ निजी जानकारी चोरी होने तक सीमित नहीं रहता। बैंक खाते से पैसे निकलने, सोशल मीडिया अकाउंट का दुरुपयोग होने और पहचान से जुड़ी धोखाधड़ी का खतरा भी पैदा हो सकता है।
अक्सर लोग मानते हैं कि साइबर अपराधियों का निशाना बड़े कारोबारी, बैंक या सरकारी संस्थान होते हैं। हकीकत यह है कि एक सामान्य मोबाइल उपयोगकर्ता भी साइबर ठगी का शिकार हो सकता है। इसके लिए अपराधियों को हमेशा फोन की तकनीकी खामी का फायदा उठाने की जरूरत नहीं पड़ती। कई बार एक फर्जी लिंक, संदिग्ध ऐप या अनजान व्यक्ति के साथ साझा की गई जानकारी ही उनके लिए रास्ता खोल देती है।
Hyderabad Police ने ‘Every Mobile May Be At Risk Of Cyber Attack’ शीर्षक से प्रकाशित एक समाचार रिपोर्ट के संदर्भ में मोबाइल उपयोगकर्ताओं को साइबर खतरों के प्रति आगाह किया है। चेतावनी में दुर्भावनापूर्ण ऐप्स, स्पाइवेयर और फिशिंग अभियानों के जरिए निजी जानकारी चुराने तथा वित्तीय धोखाधड़ी करने के तरीकों की ओर ध्यान दिलाया गया है।
और पढ़ेंः क्या आप जानते हैं,आपका मोबाइल कैसे हैक हो सकता है ? जानिए हैकिंग से कैसे बचें
मोबाइल फोन हैक कैसे होता है?
मोबाइल फोन पर साइबर हमला कई तरीकों से हो सकता है। इनमें सबसे आम तरीका किसी उपयोगी ऐप के नाम पर खतरनाक सॉफ्टवेयर फोन में पहुंचाना है। कई बार मुफ्त सेवा, फोटो एडिटिंग टूल, गेम या किसी सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर APK फाइल डाउनलोड कराई जाती है। देखने में सामान्य लगने वाला ऐसा ऐप फोन की जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकता है।
मालवेयर (Malware) ऐसा ही दुर्भावनापूर्ण सॉफ्टवेयर है। इसका इस्तेमाल फोन में मौजूद जानकारी चुराने, अनचाहे विज्ञापन दिखाने या डिवाइस की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता है।
स्पाइवेयर (Spyware) इससे भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। यह उपयोगकर्ता की जानकारी के बिना उसकी गतिविधियों पर नजर रखता है। इसकी मदद से संदेश, संपर्क सूची, फोटो, लोकेशन और ब्राउजिंग से जुड़ी जानकारी चोरी की जा सकती है।
और पढ़ेंः ईमेल अकाउंट हैक कैसे होता है? AI फिशिंग और बैंकिंग साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके
फिशिंग (Phishing) में अपराधी बैंक, पार्सल कंपनी, सरकारी विभाग या किसी लोकप्रिय सेवा के नाम पर फर्जी संदेश भेजते हैं। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उपयोगकर्ता नकली वेबसाइट पर पहुंच सकता है। वहां लॉगिन विवरण, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी या ओटीपी दर्ज करने पर ये जानकारियां अपराधियों तक पहुंच सकती हैं।
मोबाइल हैक होने से बचने के लिए अपनाएं ये 7 तरीके
1. अनजान बसाइट से APK फाइल डाउनलोड न करें
कई बार WhatsApp, SMS, ईमेल या सोशल मीडिया के जरिए किसी ऐप को डाउनलोड करने का लिंक भेजा जाता है। इसमें बैंकिंग सेवा, सरवेकारी योजना, नौकरी या किसी जरूरी दस्तावेज का नाम इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे लिंक से मिलने वाली APK फाइल फोन में इंस्टॉल करने से बचें। Android फोन में भी ऐप डाउनलोड करने के लिए Google Play Store जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म को प्राथमिकता दें। हालांकि वहां मौजूद ऐप को भी उसकी विश्वसनीयता और मांगी गई अनुमतियों के आधार पर जांचना जरूरी है।
2. मोबाइल ऐप को जरूरत से ज्यादा अनुमति न दें
किसी ऐप को इंस्टॉल करते समय वह कैमरा, माइक्रोफोन, कॉन्टैक्ट, लोकेशन और फाइलों तक पहुंच की अनुमति मांग सकता है। हर अनुमति देना जरूरी नहीं है। उदाहरण के लिए, एक सामान्य कैलकुलेटर ऐप को आपके संपर्कों या लोकेशन की जरूरत नहीं होनी चाहिए। फोन की सेटिंग में जाकर समय-समय पर ऐप की अनुमतियां जांचें और गैरजरूरी अनुमति बंद कर दें।
3. OTP, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी किसी को न बताएं
बैंक खाते से जुड़ा ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन और इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साइबर अपराधी बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी या सरकारी कर्मचारी बनकर फोन कर सकते हैं। वे खाते में समस्या, केवाईसी अपडेट या संदिग्ध लेनदेन का डर दिखाकर गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। याद रखें, बैंक का अधिकारी बनकर फोन करने वाला व्यक्ति भी आपसे आपका यूपीआई पिन या ओटीपी मांगने का अधिकृत नहीं है।
4. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले जांच करें
मोबाइल पर मिलने वाला हर संदेश सही नहीं होता। पार्सल अटकने, बिजली कनेक्शन कटने, बैंक खाता बंद होने या इनाम मिलने का लालच देकर भेजे गए लिंक पर तुरंत भरोसा न करें। वेबसाइट का पता जांचें और संबंधित बैंक या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट अथवा ऐप से ही जानकारी प्राप्त करें। किसी अनजान लिंक पर अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी दर्ज न करें।
5. मोबाइल और ऐप्स को समय पर अपडेट करें
फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम और उसमें मौजूद ऐप पुराने होने पर सुरक्षा से जुड़ी कमजोरियां बनी रह सकती हैं। मोबाइल निर्माता और ऐप डेवलपर समय-समय पर सुरक्षा अपडेट जारी करते हैं। इसलिए फोन में उपलब्ध अपडेट इंस्टॉल करें। Android और iPhone दोनों उपयोगकर्ताओं को अपने डिवाइस में ऑटोमैटिक अपडेट की सुविधा चालू रखनी चाहिए।
6. फोन का ऑटो-डाउनलोड और अनजान इंस्टॉलेशन बंद रखें
WhatsApp जैसे मैसेजिंग ऐप में फोटो, वीडियो और दस्तावेजों का ऑटो-डाउनलोड बंद रखने से अनचाही फाइलें अपने आप फोन में डाउनलोड होने से बच सकती हैं। Android फोन में अनजान स्रोतों से ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति भी बंद रखें। ध्यान रखें कि किसी फाइल का अपने आप डाउनलोड होना और ऐप का अपने आप इंस्टॉल होना अलग-अलग बातें हैं। किसी अनजान फाइल को खोलने या इंस्टॉल करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचना जरूरी है।
7. मोबाइल में स्क्रीन लॉक और सुरक्षा सुविधा का इस्तेमाल करें
फोन में मजबूत पासकोड, फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक का इस्तेमाल करें। Android उपयोगकर्ता Google Play Protect की जांच सुविधा चालू रखें। iPhone उपयोगकर्ता iOS के सुरक्षा अपडेट और उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं का लाभ उठाएं। फोन में मौजूद महत्वपूर्ण जानकारी का बैकअप भी नियमित रूप से रखें। इससे फोन खोने या खराब होने की स्थिति में डेटा वापस पाने में मदद मिल सकती है।
मोबाइल हैक होने के संकेत क्या हैं?
कई बार मोबाइल उपयोगकर्ता को पता भी नहीं चलता कि उसके फोन में कोई संदिग्ध गतिविधि हो रही है। हालांकि कुछ संकेत ऐसे हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
अगर फोन की बैटरी अचानक तेजी से खत्म होने लगे, बिना इस्तेमाल किए मोबाइल डेटा की खपत बढ़ जाए, अनजान ऐप दिखाई देने लगें या बार-बार ऐसे विज्ञापन आने लगें जिन्हें बंद करना मुश्किल हो, तो फोन की जांच करें।
इसी तरह आपके सोशल मीडिया या ईमेल अकाउंट से ऐसे संदेश भेजे जा रहे हों जिन्हें आपने नहीं लिखा, बैंक खाते में अनजान लेनदेन दिखाई दे या किसी ऐप को ऐसी अनुमतियां मिली हों जिनकी उसे जरूरत नहीं है, तो इसे गंभीरता से लें।
इनमें से कोई एक संकेत अपने आप में फोन हैक होने का प्रमाण नहीं है। लेकिन कई संकेत एक साथ दिखाई देने पर फोन की सुरक्षा जांचना जरूरी है।
अगर मोबाइल हैक होने का शक हो तो क्या करें?
अगर आपको लगता है कि फोन में कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हो गया है या आपकी निजी जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति तक पहुंच गई है, तो सबसे पहले बैंकिंग और भुगतान से जुड़े खातों की सुरक्षा पर ध्यान दें।
किसी सुरक्षित डिवाइस से अपने ईमेल और बैंकिंग खातों के पासवर्ड बदलें। संदिग्ध ऐप की अनुमति हटाएं और उसे अनइंस्टॉल करें। बैंक खाते में कोई अनधिकृत लेनदेन दिखाई देने पर तुरंत बैंक से संपर्क करें। वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर भारत सरकार के साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत करें। आप राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in/ पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
अगर किसी अकाउंट का पासवर्ड बदलने के बाद भी संदिग्ध गतिविधि जारी रहती है, तो संबंधित सेवा के आधिकारिक सहायता माध्यम से अकाउंट की सुरक्षा जांच कराएं।
स्मार्टफोन की सुरक्षा आपकी अपनी जिम्मेदारी है
साइबर अपराधी कई बार किसी बड़ी तकनीकी सेंध के बजाय मोबाइल उपयोगकर्ता की छोटी सी गलती का फायदा उठाते हैं। जल्दबाजी में किसी लिंक पर क्लिक करना, अनजान ऐप इंस्टॉल करना या किसी फोन करने वाले व्यक्ति पर भरोसा करके ओटीपी बता देना बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।
इसलिए मोबाइल पर आने वाले हर संदेश और ऐप पर आंख बंद करके भरोसा न करें। किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि करें और अपने फोन की सुरक्षा सेटिंग्स नियमित रूप से जांचते रहें।
याद रखें, एक गलत क्लिक आपके बैंक खाते, निजी तस्वीरों और व्यक्तिगत जानकारी को खतरे में डाल सकता है। मोबाइल का सुरक्षित इस्तेमाल ही ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने की पहली शर्त है।

