क्या आप किसी भगोड़े अपराधी द्वारा ड्रग्स की फैक्टरी, नक्सल इलाके से अफीम को लाकर सप्लाई के साथ तस्करी के बड़े नेटवर्क की कल्पना कर सकत हैं? दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े 60 करोड़ की हेरोइन, लाखो रुपये नकदी और लग्जरी गाडियों के साथ गिरफ्तार 7 लोगों के गैंग से यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है। गैंग अनिल भोला नाम का भगोड़ा अपराधी चला रहा था।
दिल्ली की रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल के मुताबिक 16 सिंतबर से चल रहे इस ऑपरेशन में लखनऊ में हेरोइन फैक्टरी और झारखंड के नक्सली इलाके चतरा से अफीम लाकर तस्करी करने का पता चला है।
ऐसे शुरू हुई दिल्ली पुलिस हेरोइन जब्ती की ये कहानी
डीसीपी शशांक जायसवाल के मुताबिक एसीपी अजमेर सिंह की निगरानी औऱ स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में एसआई राजकुमार, एएसआई हरजीत हेड कांस्टेबल विनोद, विकास, मनदीप, राजीव, विशाल और कांस्टेबल कुलदीप व अजय की टीम को 16 सितंबर 2026 के दिन बेगमपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी के बारे में सूचना मिली।
यह भी पढ़ेंः पार्टी ड्रग्स इंडिया टू साउथ अफ्रिका वाया दुबई
नेटवर्क के तार खुलने लगे
इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर सबसे पहले लक्ष्मण हुड्डा को ग्रैंड विटारा कार में हेरोइन लाते हुआ दबोचा। कार से 300ग्राम हेरोइन और 3 लाख रुपये बरामद किए गए। उसकी निशानदेही पर सोनीपत से मुख्य सप्लायर अनिल उर्फ भोला को महेन्द्रा एक्सयूवी-700 के साथ पकड़ा गया। कार से 501 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
अनिल उर्फ भोला की गिरफ्तारी बड़ी थी। भोला के खिलाफ पहले से एक दर्जन मामले दर्ज थे और भलस्वा डेरी के एक मामले में वह पैरोल पर बाहर आकर फरार भी था।
यह भी पढ़ेंः समुद्री रास्ते से ड्रग तस्करी पर बड़ा वार, 6 दोषियों को कैसे मिली 10 साल की सजा
लखनऊ मे हेरोइन बनाने की फैक्ट्री
अनिल भोला से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने लखनऊ के जानकी पुरम में हेरोइन बनाने की पूरी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। छापे के दौरान, 6.275 किलोग्राम ताजी बनी हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा, 2.504 किलोग्राम सोडियम, 787 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड, एक टब, गैस सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर, बर्तन, पॉलीथीन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, लकड़ी की टोकरी और अवैध निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई।
आरोपी बबलू के बताए अनुसार, काफी खोजबीन के बाद, हेरोइन के मुख्य सप्लायर और निर्माण इकाई के मालिक रुखसार अली उर्फ राजू को उत्तर प्रदेश के बरेली से ढूंढ निकाला गया और गिरफ्तार कर लिया गया।
अफीम की सप्लाई
रुखसार अली से पूछताछ के बाद पुलिस ने यूपी के बरेली से अजाज अहमद को दबोचा। आरोप है कि अजाज कच्चा अफीम लाकर रुखसार अली को सप्लाई किया करता था। उसके पास से भी रॉयल एनफिल्ड मोटरसाइकिल औऱ 501 ग्राम हेरोइन जब्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने बदायूं से मोहम्मद अजहर को गिरफ्तार कर उसके पास से 551 ग्राम हेरोइन औऱ हुंडई कार बरामद किया ।
चतरा कनेक्शन
पुलिस का ञपरेशन चालू था। अजहर आदि से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने झारखंड के चतरा में छापेमारी की और प्रकाश कुमार नामक शख्स को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने आरोपियों को कच्चा अफीम सप्लाइ किया था। पुलिस के मुताबिक वह अपनी कृषि भूमि पर अफीम की खेती कर रहा था।








